गुब्बारे..... लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
गुब्बारे..... लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 4 जून 2010

गुब्बारे....

आधी रात को  नींद खुली थी घबराकर 
छूट गयी थी हाथ से गुब्बारे की डोर,
गुब्बारा जो बूढ़े फेरी वाले से,
दर्जन भर आंसू के बदले पाया था...
मुट्ठी में  जो रात को भींच के सोया था..
छूट के हाथों से छत में जा अटका था..
और फिर आधा दर्जन आंसू के बदले
अम्मा ने डंडे से उसे निकला था..
बाँध दिया था फिर खटिया के पाए से,
आधी रात को नींद खुली है घबराकर,
बरसों बाद ये सोच रहा हूँ हाथों से 
छूट गयी है कितने गुब्बारों की डोर,
गुब्बारे जो बूढ़े वक़्त की फेरी से 
आंसू और सांसों के बदले पाए थे...
गुब्बारे सपनों के और उम्मीदों के...