सुबह का चरवाहा सूरज फिर
किरण-किरण चौपाये लेकर
शाम ढले घर लौट रहा है, हाथ में लेकर धूप की लाठी
ऊंचे टीले पर बैठा है
दूर कहीं तनहा छप्पर में
टीम-टीम करता लालटेन एक
गहरी नींद से जाग रहा है...
प्रेमचंद के धनिया-होरी
रीत रिवाजों के चूल्हे में हक के कंडे झोंक रहे हैं
बूढा और बीमार हाईवे नयी नवेली पगडण्डी से
घर का रस्ता पूछ रहा है................
सुबह का चरवाहा सूरज फिर
ओढ़ के रात का काला कम्बल
कल के सपने पीस रहा है
किरण किरण चौपाये लेकर सूरज फिर गोदान करेगा....
भयानक ख्वाब से डरकर उठा हूँ रात के घर में
हकीकत दर्द बनकर फिर मेरे ख्वाबों में आई है
छुड़ाकर नींद की ज़ंजीर उठकर बैठ जाता हूँ
निकलकर आँख मेरी फिर उनींदे से झरोखे से
गुज़रती ट्रेन की सीटी की आवाजें पकडती है..
अजब सा ख्वाब था एकदम नहीं कुछ याद तौ लेकिन
किसी एक जुर्म की मुझको मिली है ये सजा जिसमें
मुझे कुछ हसरतें कुछ ख्वाब लेकर फिर से जीना है..
के जिस्म ताप रहा है कायनात का सारा
ज़मीं दरख़्त सभी दर्द से तडपते हैं
पहाड़ सुस्त,हवा चुप है.. दिन परेशां है
शाम बढ़ते ही ज़रा आसमां की पेशानी
लाल होती है और तपती है...
कोई माथे पे उसके रख आये...
गीली ठंडी सी अब्र की पट्टी
या कोई सर्द बारिश फाहा...
सचमुच कितनी देर हो गयी....
जाने क्या-क्या छूट गया है
आँख खुली तौ सूरज शाम की मुट्ठी में है...
पिछली रात को सपने सारे
दस्तक देकर लौट गए हैं....
और मैं अब तक सपने में हूँ